अराजक तत्वों ने जलाया गन्ना क्रय केंद्र का छप्पर,तौल ठप पचासों ट्रालियां की गई पंक्चर,आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शन।


गोण्डा। जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में बलरामपुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पूरे सिधारी पर अराजक तत्वों ने शनिवार की रात जमकर उपद्रव किया। गन्ना क्रय केंद्र के छप्पर में आग लगा दी गयी और क्रय केंद्र परिसर में गन्ना लादकर खड़ी पचासों ट्रालियों की हवा निकालकर उन्हें पंचर कर दिया गया। आग लगने से छप्पर जलकर राख हो गया और उसके भीतर रखी तौल मशीन भी जल गई। सुबह किसान और तौल लिपिक क्रय‌ केंद्र पहुंचे तो अराजक तत्वों की करतूत देख अवाक रह गये। वहीं उक्त घटना से आक्रोशित किसानों ने क्रय केंद्र पर प्रदर्शन करते हुए इन अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में कामनी प्रसाद, पुल्लुर पाण्डेय, राज करन तिवारी,रिंकू,जगतराम यादव, धनीराम वर्मा समेत काफी संख्या में लोग शामिल रहे।‌ गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार अर्जुन प्रसाद ने बताया कि रात में वह बगल के मड़हे में सो रहा था। जब उसने मड़हे में आग लगा देखा तो दौड़कर मौके पर पहुंचा,लेकिन तब तक पूरा मड़हा जलकर राख हो चुका था।‌ चीनी मिल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं और व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं।‌ विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पूरे सिधारी गन्ना क्रय केंद्र पर आए दिन कुछ दबंग किस्म के लोग बगैर लाइन में लगे गन्ने की तौल कराते हैं।‌ इससे लाइन में लगे किसानों का गन्ना देरी से तौल जाता है। शनिवार को दिन में बिना लाइन में लगे पहले तौल कराने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। किसानों का कहना है कि इसी विवाद के कारण इस तरह का उत्पात मचाया गया है। हालांकि विवाद किसके बीच हुआ यह बताने को कोई तैयार नहीं है। वहीं मशीन जल जाने से क्रय केंद्र पर गन्ने की तौल ठप है। इस संबंध में तौल लिपिक अरुणेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्ट्री से दूसरी मशीन मंगाई जा रही है। मशीन आने पर तौल शुरू हो सकेगी। मिल कर्मियों की तरफ से घटना की सूचना इटियाथोक थाने पर दी गई है। पुलिस ने घटना की छानबीन प्रारंभ कर दी है।‌

Post a Comment

0 Comments